जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के प्रकाशन को लेकर चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

देवप्रयाग टाईम्स 21जुलाई26

देवप्रयाग/नई टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल में जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (District Census Handbook – DCHB) के संकलन और समयबद्ध प्रकाशन के उद्देश्य से चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। विकास भवन, नई टिहरी के समीप स्थित क्रीड़ा हॉल में आयोजित यह प्रशिक्षण 21 से 24 जुलाई तक संचालित किया जाएगा।

प्रशिक्षण के पहले दिन जनगणना निदेशालय, उत्तराखण्ड द्वारा नामित मास्टर ट्रेनर पंकज सिंह तथा नीरज कुमार ने प्रतिभागियों को हस्त पुस्तिका के संकलन एवं प्रकाशन से जुड़े तकनीकी और प्रक्रियात्मक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में तहसील टिहरी, प्रतापनगर तथा जाखणीधार के चार्ज अधिकारियों, क्षेत्रीय अधिकारियों एवं राजस्व उपनिरीक्षकों (पटवारियों) ने प्रतिभाग किया। इस दौरान ग्राम एवं नगर स्तर पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के सटीक व अद्यतन अभिलेखीकरण, संबंधित प्रपत्रों की गुणवत्तापूर्ण प्रविष्टि, आंकड़ों के सत्यापन तथा हस्त पुस्तिका तैयार करने की कार्यप्रणाली पर गहराई से चर्चा की गई।

जिला प्रशासन ने प्रशिक्षण के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों को जनगणना निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप त्रुटिरहित और गुणवत्तापूर्ण कार्य संपादन के लिए मार्गदर्शन देना है। चार दिनों में जनपद के सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी केशब गैरोला सहित जिला कार्यालय के अन्य कार्मिक एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9058520973, हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करे