
लोक संस्कृति और विकास का संगम बना जौनपुर महोत्सव: सीएम धामी ने किए 11 विकास कार्यों के लोकार्पण और 15 का शिलान्यास
देवप्रयाग /टिहरी गढ़वाल 12 नवंबर 2026मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद टिहरी गढ़वाल के अंतर्गत धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में आयोजित ‘नौवें जौनपुर महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ किया। राजकीय इंटर कॉलेज थत्यूड़ पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
वर्ष 2016 से शुरू हुई इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने के साथ ही स्थानीय कलाकारों और खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को 52 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। इसमें 30 करोड़ की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 22 करोड़ की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। ये योजनाएं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण, शिक्षा, पशुपालन, सिंचाई और सामुदायिक विकास से जुड़ी हैं।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने, सख्त नकल विरोधी कानून बनाने और लगभग 13 हजार एकड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में लगभग 35 हजार युवाओं को सरकारी रोजगार दिया गया है। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण, तिवाड़ गांव को होम-स्टे के रूप में विकसित करने और ‘एक जनपद एक उत्पाद’ के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने साबली गांव के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के कृषि नवाचारों की सराहना की और साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण-महाभारत के अनुवाद के लिए ‘जौनपुर रत्न’ से सम्मानित किया।
क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार और ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने क्षेत्र की विकासात्मक मांगों को रखा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा।
पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आवासीय बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये तथा भवान बाजार क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति।
धनोल्टी मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति।
विभिन्न सड़कों के निर्माण और डामरीकरण के प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन।
इस अवसर पर राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा, सुरेंद्र रावत सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
