
संगम दर्शन कर मुख्यमंत्री धामी ने लिया देवप्रयाग की व्यवस्थाओं का जायजा
देवप्रयाग। गैरसैंण सत्र से वापसी के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवप्रयाग पहुंचकर पवित्र अलकनंदा-भागीरथी संगम के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने तीर्थयात्रियों के लिए उपलब्ध जन-सुविधाओं और शौचालयों की स्थिति का निरीक्षण किया तथा नगर में पार्किंग की समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
देवप्रयाग आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बस अड्डे पर ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारेबाजी के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। अपने संक्षिप्त 15 मिनट के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने बस अड्डे के स्थानीय दुकानदारों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
सुलभ शौचालयों का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री ने देवप्रयाग में पार्किंग की गंभीर समस्या पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने के संकेत दिए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
