
जीआईसी व जूनियर हाईस्कूल खरसाड़ा पालकोट का लिया जायजा
आपदा से क्षतिग्रस्त आंगन को शीघ्र ठीक कराने के दिए निर्देश
छात्र-छात्राओं से संवाद कर शैक्षणिक गतिविधियों की ली जानकारी
टिहरी। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने विकासखंड नरेन्द्रनगर के ग्राम खरसाड़ा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) और राजकीय जूनियर हाईस्कूल खरसाड़ा पालकोट का औचक भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर पढ़ाई का फीडबैक लिया।
जीआईसी खरसाड़ा पालकोट के निरीक्षण के दौरान परिसर में स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण संतोषजनक पाया गया। अपर जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका व अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुए विद्यालय के आंगन पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल दुरुस्तीकरण के निर्देश दिए। विद्यालय में कक्षा 9 से 12 तक कुल 163 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।
वहीं, 47 विद्यार्थियों की संख्या वाले राजकीय जूनियर हाईस्कूल में मध्याह्न भोजन योजना सुचारू पाई गई और बच्चे निर्धारित पोशाक में उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों में सभी शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे। अपर जिलाधिकारी ने बच्चों को पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर तहसीलदार गजा राजेन्द्र सिंह गुनसोला, प्रभारी प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद उनियाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
