
देवप्रयाग टइम्स19 अगस्त 2026 बुधवार
नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल): उप-जिला अस्पताल नरेंद्रनगर में डॉक्टरों की टीम ने एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। असामान्य गर्भाशय रक्तस्राव और पेट के निचले हिस्से में तीव्र दर्द की शिकायत लेकर पहुंची एक महिला मरीज की जांच के बाद गर्भाशय का सफल ऑपरेशन किया गया। लगभग 2.5 घंटे चले इस ऑपरेशन के दौरान महिला के शरीर से करीब 700 ग्राम वजनी, रक्त से भरा गर्भाशय बाहर निकाला गया।
चिकित्सक टीम का बेहतर समन्वय इस जटिल सर्जरी का नेतृत्व डॉ. वर्षा पवार ने किया, जबकि जनरल सर्जन डॉ. दीपाशा वर्मा ने इसमें मुख्य भूमिका निभाई। एनेस्थीसिया टीम के डॉ. अनुराग अग्रवाल और डॉ. शिवानी ने मरीज को सामान्य बेहोशी (General Anesthesia) देकर वेंटिलेटर सपोर्ट और नियंत्रित श्वसन का प्रबंधन संभाला। ऑपरेशन थिएटर (OT) टीम में सिस्टर गीता और वार्ड बॉय अमित का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अस्पताल में बढ़ रही हैं आधुनिक सर्जिकल सुविधाएं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. अमित राय ने इस सफलता के लिए पूरी मेडिकल और ओटी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में हर्निया, हाइड्रोसील और गॉलब्लैडर जैसी बीमारियों के ऑपरेशन भी शुरू कर दिए गए हैं। विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से क्षेत्र के मरीजों को अब बेहतर इलाज के लिए दूर बड़े शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
