
मुनिकीरेती। देहरादून रोड स्थित एक वेडिंग पॉइंट में मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र की महिलाओं ने ‘तीज हरियाली महोत्सव’ बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के बीच मोना पुरोहित को ‘तीज क्वीन’ चुना गया।
शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, वरिष्ठ समाजसेवी हिमांशु बिजल्वाण एवं नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी हिमांशु बिजल्वाण ने सभी महिलाओं को तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व नारी शक्ति, समर्पण और सांस्कृतिक एकता का उत्सव है। झूला, लोकगीत और मेहंदी हमारी संस्कृति की अनमोल धरोहर हैं। यह त्यौहार भगवान शिव और माता पार्वती के पुनर्मिलन की याद दिलाता है, जो हमारे जीवन में नई उमंग, आपसी प्रेम और अटूट विश्वास का संदेश देता है।
महोत्सव के दौरान महिलाओं के बीच गढ़वाली नृत्य, गायन और रैंप वॉक जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
ये लोग रहे मौजूद:
कार्यक्रम में सभासद स्वाति पोखरियाल, निशा नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अमिता उनियाल, इंद्रा आर्य, मीना मंदवाण, दर्शनी भंडारी, ज्योति उनियाल, पदमा सेमवाल, सुषमा नौटियाल, सुमन नैथानी, प्रमिला बिजल्वाण, किरन चौहान, आरती चौहान, पूनम मैठाणी, उर्मिला ममगाईं, निशा कौशिक, अंकिता बहुगुणा, सुरेंद्र भंडारी, राजीव गौड़, संजय बडोला, मदन बडोनी, मोहित चौहान, सागर बलूनी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
