
देवप्रयाग टाईम्स
देवप्रयाग/टिहरी/05 नवम्बर, 2026
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में पर्यटन परियोजनाओं के विकास, निगरानी, पर्यटन स्थलों के प्रभावी प्रबंधन, नए पर्यटक स्थलों की पहचान, आधारभूत ढाँचे के विकास हेतु प्रस्ताव तैयार करने, मौजूदा सुविधाओं के रखरखाव तथा पर्यटन गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विस्तृत चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) से पुनः पर्यटन विभाग को हस्तांतरित उन परिसंपत्तियों की समीक्षा की, जो वर्तमान में जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं और जिनका संचालन ठप है। उन्होंने संबंधित परिसंपत्तियों का औचित्य प्रमाण पत्र (Justification Certificate) प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई का प्रस्ताव समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पर्यटन संपत्तियों के बेहतर उपयोग एवं कुशल प्रबंधन के लिए ठोस कदम उठाने पर बल दिया।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिला पर्यटन विकास समिति को विभिन्न परिसंपत्तियों से प्रतिवर्ष कुल ₹19,36,767 की आय प्राप्त हो रही है। इसमें कोटी कॉलोनी स्थित दुकान संख्या 1 से 8 से ₹8,84,902, कैंपटी फॉल स्थित शौचालय व चेंजिंग रूम से ₹90,500 तथा पर्यटक आवास गृह सेम मुखेम से ₹6,60,666 की वार्षिक आय शामिल है। इसके अतिरिक्त पर्यटक आवास गृह नैखरी चंद्रबदनी से ₹1,00,100, चंबा पार्किंग से ₹1,02,266 तथा बौराड़ी पार्किंग से ₹98,333 की वार्षिक आय प्राप्त हो रही है।
बैठक के दौरान जनपद में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, परिसंपत्तियों के सुचारू संचालन और साहसिक व स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, डीएफओ टिहरी हिमांशु बंगारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत एस.एस. कठैत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एस.एस. राणा, टूर एंड ट्रेवल्स प्रतिनिधि हनुमंत महर, कोषाधिकारी अंजलि भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
