
देवप्रयाग टाइम्स
देवप्रयाग/टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में क्षेत्रीय विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर चर्चा हुई। बैठक में सदस्यों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, स्वच्छता और पेयजल से जुड़े कई अहम प्रस्ताव सदन के पटल पर रखे।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष फोकस
बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्यों ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की पुरजोर मांग उठाई। सदस्यों ने जिला अस्पताल, टिहरी में डायलिसिस सुविधा शुरू करने, जनपद में जन औषधि केंद्र खोलने, रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती और टेलीमेडिसिन सेवाओं के विस्तार की मांग की।
इस पर प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता की वर्तमान स्थिति और शासन स्तर पर चल रही प्रक्रिया से सदस्यों को अवगत कराया। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. राम प्रकाश ने सदन को संबंधित मामलों में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी।
सदस्यों द्वारा प्रमुख मांगें और प्रस्ताव:
सुनील प्रसाद जुयाल (धमाड़ी): प्राथमिक विद्यालय कन्स्युड़ में शिक्षक की नियुक्ति, मैण्डखाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का उच्चीकरण, बंगियाल-ज्वारना मोटर मार्ग पर 2.50 किमी डामरीकरण तथा कण्डीसौड़ और मैण्डखाल में कूड़ा डंपिंग जोन स्थापित करने का प्रस्ताव रखा।
राजेंद्र रागड़ (थौलधार): थौलधार विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कण्डीसौड़ में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने और क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था करने की मांग की।
प्रमाण पत्रों और स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति स्पष्ट
सदन में जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए गए। CMO डॉ. राम प्रकाश ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित कोई भी मामला लंबित नहीं है। इसके अलावा, खोलगढ़ माजफ में एएनएम सेंटर खोले जाने की मांग पर जानकारी दी गई कि संबंधित केंद्र वर्तमान में उपकेंद्र के रूप में संचालित हो रहा है।
बैठक के अंत में जिला पंचायत सदस्यों ने आमजन को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने और जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, चम्बा की ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, जिला पंचायत के सभी सदस्य, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे।
