
देवप्रयाग/नई टिहरी, 25 अगस्त (न्यूज़ सर्विस)। एसबीआई आरसेटी (RSETI) संस्थान नई टिहरी में आयोजित 06 दिवसीय वित्तीय समावेशन (FLCRP) प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 20 अगस्त से संचालित इस प्रशिक्षण में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से जुड़े स्वयं सहायता समूहों के 23 सदस्यों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान संस्थान के अधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया। इसमें स्मार्ट बचत, परिपक्वतापूर्ण ऋण प्रबंधन, बुद्धिमत्तापूर्ण व्यय, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, बीमा और सुरक्षित निवेश जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को बैंकिंग व वित्तीय सेवाओं का सही उपयोग सिखाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा। संस्थान के निदेशक ने प्रशिक्षणार्थियों का आह्वान किया कि वे सीखे गए गुरों को जन-जन तक पहुंचाएं और अपने क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाएं।
समापन अवसर पर परियोजना निदेशक ज्योति, एसबीआई आरसेटी निदेशक दीपक कोठियाल, उपासक के ग्रामीण वित्त समन्वयक चंद्रप्रकाश डंगवाल तथा आरसेटी संकाय संजीव नेगी द्वारा सभी सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र और टूल किट प्रदान की गई।
