
देवप्रयाग टाईम्स
देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल | 25 अगस्त 2026
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आगामी 27 अगस्त को देशभर में भव्य ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। युवा सहभागिता, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण पर केंद्रित यह कार्यक्रम देश के युवा खिलाड़ियों और भविष्य के कर्णधारों को एक साझा मंच प्रदान करेगा।
गौरतलब है कि हर साल 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी और देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती पर ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ मनाया जाता है। इस वर्ष इस दिवस की शुरुआत 27 अगस्त से ‘खेलो इंडिया संवाद’ के जरिए की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन
कार्यक्रम की सबसे मुख्य विशेषता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा। 27 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से देशभर के लगभग 1600 स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे।
टिहरी गढ़वाल जिले में यह कार्यक्रम श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय (चंबा) तथा गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज (चन्द्रबदनी) में आयोजित किया जाएगा। स्थानीय प्रशासन द्वारा सभी अतिथियों एवं युवा प्रतिभागियों को सुबह 10:00 बजे तक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले 12 वर्षों के खेल विकास और ‘माय भारत’ पर चर्चा
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ‘माय भारत’ (MY Bharat) स्वयंसेवक, एनएसएस (NSS) के कार्यकर्ताओं और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच एक विशेष सत्र होगा। इसमें पिछले 12 वर्षों में देश के खेल बुनियादी ढांचे (Infrastructure) में आए बदलावों और भारत में तेजी से विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा की जाएगी। इसके उपरांत 15 मिनट का खुला मंच रहेगा, जहां युवा अपने विचार, सुझाव और आकांक्षाएं साझा कर सकेंगे।
युवा संवाद के 4 प्रमुख विषय:
- खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना: जमीनी स्तर (Grassroots level) तक बेहतर खेल सुविधाएं, कोचिंग और अवसर पहुंचाना।
- ओलंपिक 2036 की तैयारी: वैज्ञानिक तरीकों से प्रतिभा पहचान (Talent Identification) और खिलाड़ी विकास पर विशेष जोर देना।
- युवा नेतृत्व व शासन: शासन और नीति निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना।
- विकसित भारत के लिए सशक्तिकरण: युवाओं को आवश्यक कौशल (Skills), स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण के अवसरों से जोड़ना।
डिजिटल माध्यम से लिए जाएंगे सुझाव
कार्यक्रम के दौरान युवाओं से उनके सुझाव और विचार QR Code के माध्यम से डिजिटल रूप से प्राप्त किए जाएंगे। इसके साथ ही, उपस्थित युवाओं को कार्यक्रम स्थल पर ही ‘VBYLD क्विज राउंड’ में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
यह पहल युवाओं को खेल, नेतृत्व और कौशल विकास से जोड़कर विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।
