
देवप्रयाग टाईम्स
देवप्रयाग /टिहरी, 24 अगस्त26 जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों के क्रम में सोमवार को वरिष्ठ औषधि निरीक्षक चन्द्रप्रकाश नेगी और औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित केंद्रीय चिकित्सा औषधि भंडार (CMSD) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान औषधि भंडार में दवाओं का रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
निरीक्षण की मुख्य बातें:
सुरक्षित भंडारण: औषधियों को मेटल रैक और पैलेट्स पर व्यवस्थित तरीके से रखा गया था। मन:प्रभावी (Psychotropic) औषधियां ‘लॉक एंड की’ में सुरक्षित पाई गईं।
कोल्ड स्टोरेज और स्वच्छता: इंसुलिन, टीटी, रेबीज वैक्सीन, ऑक्सीटोसिन, लैब रीजेंट्स और हीमोफीलिया फैक्टर जैसी संवेदनशील दवाओं को निर्धारित तापमान पर स्टोर किया गया था। रेफ्रिजरेटर, सीसीटीवी कैमरे, वेंटिलेशन और स्वच्छता की स्थिति बेहतर मिली।
नमूने एकत्रित: गुणवत्ता जांच के लिए मौके से 8 औषधियों के सैंपल लिए गए, जिन्हें विश्लेषण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940’ का कड़ाई से पालन करने और अभिलेखों को अपडेट रखने के निर्देश दिए।
