
देवप्रयाग टाईम्स 29 जुलाई, 26
खाद्यान्न वितरण व्यवस्था सुचारू रखने के अधिकारियों को निर्देश, कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक
देवप्रयाग / टिहरी: जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में राजस्व विभाग की मासिक स्टाफ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व प्राप्ति, लंबित वसूली, विचाराधीन राजस्व वादों के निस्तारण, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था तथा विभागीय प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान आबकारी विभाग ने बताया कि जून माह में 92 स्थानों पर छापामारी कर 9 प्रकरण दर्ज किए गए तथा एक वाहन सीज किया गया। वहीं परिवहन विभाग द्वारा अब तक 1,638 चालान किए जाने की जानकारी दी गई, जिस पर जिलाधिकारी ने प्रवर्तन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए चालानों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
अभियोजन विभाग की समीक्षा में सामने आया कि अधीनस्थ न्यायालयों में आबकारी अधिनियम के 108, आयुध अधिनियम के 8, एनडीपीएस एक्ट के 9, आईटीपी एक्ट के 6, फॉरेन एक्ट के 2 तथा कॉपीराइट एक्ट का 1 मामला लंबित है। इस पर जिलाधिकारी ने प्रभावी पैरवी कर सभी लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के आदेश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि आपदा से क्षतिग्रस्त जनपद की 42 पटवारी चौकियों में से 16 की मरम्मत पूर्ण कर ली गई है। जिलाधिकारी ने शेष चौकियों के कार्य को भी जल्द पूरा करने को कहा ताकि राजस्व व्यवस्था सुचारू बनी रहे। साथ ही, पुराने राजस्व वादों की नियमित सुनवाई कर आमजन को समयबद्ध व त्वरित न्याय दिलाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता, जिला आबकारी अधिकारी के.पी. सिंह, तहसीलदार धीरज राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
