
देवप्रयाग टाइम्स 21 जुलाई 26
देवप्रयाग/टिहरी झील के चारों ओर प्रस्तावित ‘रिंग रोड निर्माण’ (पूर्व निर्मित मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुधारीकरण) परियोजना को लेकर मंगलवार को उप तहसील मदननेगी में एक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। यह जनसुनवाई ‘भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर एवं पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम-2013’ के तहत अपर जिलाधिकारी (एडीएम) टिहरी गढ़वाल शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
जनसुनवाई में प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के 9 गांवों—खाण्ड, पाचरी, नारगढ़, भौनियाड़ा, सान्दणा, जलवालगांव मल्ला, जलवालगांव तल्ला, पथियाणा तथा कंगसाली के कुल 38 प्रभावित काश्तकारों ने भाग लिया। इस दौरान 17 काश्तकारों ने भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास से संबंधित अपनी आपत्तियां व सुझाव दर्ज कराए। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी आपत्तियों का नियमानुसार पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासन प्रत्येक प्रभावित परिवार की बात पूरी गंभीरता से सुन रहा है। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से अपील की कि वे जनसुनवाई में बढ़-चढ़कर भाग लें ताकि उनकी समस्याओं का उचित समाधान निकाला जा सके।
आज डोबरा-चांठी पुल के पास होगी दूसरे चरण की सुनवाई
द्वितीय चरण की जनसुनवाई 22 जुलाई को डोबरा-चांठी पुल के पास आयोजित की जाएगी। इसमें मदननेगी व टिहरी तहसील के शेष 9 प्रभावित गांवों के काश्तकारों की आपत्तियां और सुझाव सुने जाएंगे।
जनसुनवाई के दौरान विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी नीलू चावला, लोनिवि के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार, प्रभारी तहसीलदार प्रदीप कण्डारी, नायब तहसीलदार प्राची बहुगुणा, प्रधान सहायक बीना सेमवाल सहित कई अन्य प्रशासनिक व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
